चेनारी. ऐतिहासिक गुप्ताधाम में चैत्र महाशिवरात्रि को लेकर तीन दिवसीय मेले का आयोजन हुआ. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा गुप्तेश्वरनाथ पर जलाभिषेक किया. शनिवार की शाम से ही भक्तों की कतार गुफा में जलाभिषेक करने के लिए लग गयी थी. रात करीब 12 बजे के बाद से जलाभिषेक शुरू हो गया, जो रविवार देर शाम तक चलता रहा. इस दौरान करीब 1.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा गुप्तेश्वरनाथ को जलाभिषेक किया. भगवा परिधान में बक्सर व बनारस से कांवर में गंगाजल लेकर एक दिन पूर्व से ही कांवरियों का जत्था गुप्ताधाम पहुंचने लगा था. कैमूर पहाड़ी के पनियारी घाट, सिरसर चुआं घाट, भीम चौरा, घाट, उगहनी घाट के अलावा दुर्गावती जलाशय के रास्ते सड़क मार्ग से जाने वाले श्रद्धालुओं द्वारा बाबा भोलेनाथ के जयकार से कैमूर की वादी गुंजायमान हो उठी. गुप्ताधाम पहुंचे उत्तर प्रदेश गाजीपुर निवासी अजय कुमार, राहुल जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार की सुबह में ही जल लेकर बक्सर से चले थे. शनिवार की शाम उगहनी घाट होकर यहां पहुंचे. रास्ते में ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला.