रोहतास से रंजन कुमार की रिपोर्ट
Dowry Death Case: रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के धारूरामपुर गांव में विवाहिता आरती देवी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है. मृतका के पिता धनराज चौधरी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मोटरसाइकिल और अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप
मृतका के पिता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री आरती देवी की शादी 12 फरवरी 2026 को धारूरामपुर निवासी रमेश चौधरी के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही मोटरसाइकिल और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न भी किया जाता था.
उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार दहेज की मांग और प्रताड़ना के कारण उनकी पुत्री की मौत हुई.
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही गिरफ्तारी कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
परिजनों में शोक, गांव में आक्रोश
घटना के बाद मृतका के मायके में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में भी घटना को लेकर आक्रोश और चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें:नवादा में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, एफएसएल जांच शुरू, दो आरोपित हिरासत में
