फोटो-14- प्रखंड परिसर में स्थल का निरीक्षण करते भवन निर्माण विभाग के अधिकारी प्रतिनिधि, करगहर प्रखंडवासियों को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने जा रही है. करगहर प्रखंड में लगभग 16 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से नये प्रशासनिक भवन का निर्माण कराया जायेगा. इस भवन के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को सरकारी कार्यों के लिए बेहतर सुविधा और सुव्यवस्थित व्यवस्था मिल सकेगी.भवन निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और संबंधित ठेकेदार द्वारा शुक्रवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया गया. वहीं शनिवार से प्रखंड परिसर में स्थित पुराने भवन और आवास को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित प्रशासनिक भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. इसमें विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित किये जायेंगे, जिससे आम लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. भवन में बैठक कक्ष, अभिलेख कक्ष, नागरिक सहायता केंद्र सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी.स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि नये भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आयेगी, साथ ही कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा. वर्तमान में कई विभाग अलग-अलग भवनों में संचालित हो रहे हैं, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है.निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना है. विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है. प्रखंड विकास पदाधिकारी अजित कुमार ने बताया कि भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को और मजबूती मिलेगी.