स्वगणना प्रक्रिया समाप्त, आज से कर्मी घर-घर जाकर एकत्र करेंगे आंकड़े

भारत की जनगणना 2027 के तहत विगत 17 अप्रैल से चल रही सेल्फ एनुमरेशन की प्रक्रिया एक मई की रात 12 बजे समाप्त हो जायेगी. अब तक सारण में कुल 73 हजार 564 परिवारों ने स्वगणना में भाग लिया है.

By Deepak Raj | May 2, 2026 11:20 PM

छपरा. भारत की जनगणना 2027 के तहत विगत 17 अप्रैल से चल रही सेल्फ एनुमरेशन की प्रक्रिया एक मई की रात 12 बजे समाप्त हो जायेगी. अब तक सारण में कुल 73 हजार 564 परिवारों ने स्वगणना में भाग लिया है. शनिवार से प्रगणक व पर्यवेक्षक मकान सूचीकरण और आवास गणना का सर्वे शुरू करेंगे. वे घर-घर जाकर विस्तृत आंकड़े एकत्र करेंगे. जिन्होंने स्वगणना किया है, उनसे केवल आइडी लेंगे. जबकि जिनका स्वगणना नहीं हुआ है, उनसे कुल 33 प्रश्न पूछ कर डेटा संकलित करेंगे. इस कार्य को एक माह यानी 31 मई तक पूरा कर लिया जायेगा. इसके लिए 7467 प्रगणक और 1269 पर्यवेक्षक फिल्ड में उतरेंगे. जबकि 1034 प्रगणक व पर्यवेक्षक रिजर्व में रखे गये हैं. डिजिटल तकनीक का उपयोग : जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निदेश दिया है. साथ ही उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के तहत जनगणना 2027 में डाटा संग्रहण के लिए मोबाइल एप और डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा. जिससे प्रक्रिया अधिक तेज, सटीक और समयबद्ध हो सके.