छपरा: वोकेशनल कोर्स में नामांकन का एक और मौका, आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई तक बढ़ी

Chhapra News: स्नातक सत्र 2026-27 के वोकेशनल कोर्स में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अब 10 जुलाई तक कर दी गई है. विश्वविद्यालय ने नोटिस जारी कर छात्रों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है.

By Prabhat Kiran Himanshu | July 6, 2026 8:15 PM

Chhapra News: स्नातक सत्र 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों (वोकेशनल विषयों) में नामांकन के लिए ऑनलाइन अप्लाइ करने की तिथि विस्तारित कर दी गयी है. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लिए गए इस छात्रहित के निर्णय से उन छात्र-छात्राओं को एक और सुनहरा मौका मिल गया है, जो किसी कारणवश पहले चरण में अपना आवेदन फॉर्म भरने से पूरी तरह चूक गए थे.

10 जुलाई तक करें आवेदन

पहले इस सत्र के वोकेशनल कोर्स में अप्लाइ करने की अंतिम तिथि छह जुलाई तक ही निर्धारित थी. तकनीकी समस्याओं और छात्रों की पुरजोर मांग को देखते हुए इसे अब 10 जुलाई तक विस्तारित कर दिया गया है. छपरा के जिन-जिन अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में वोकेशनल कोर्स की नियमित पढ़ाई होती है, वहां इस संदर्भ में छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए नोटिस बोर्ड पर बकायदा आधिकारिक सूचना प्रकाशित कर दी गयी है.

पोर्टल पर जानकारी उपलब्ध

कॉलेजों के अलावा संबंधित विश्वविद्यालय के आधिकारिक डिजिटल पोर्टल पर भी इस तिथि विस्तार को लेकर पूरी विस्तृत गाइडलाइन और जानकारी उपलब्ध करा दी गई है. जिन छात्र-छात्राओं को नए सत्र के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन लेना है, उन्हें निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत जेपीयू (JPU) के पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन ससमय सुनिश्चित करना होगा. अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं होगा.

मेधा सूची से होगा चयन

विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर प्राप्त सभी आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद सीटों के अनुसार चयन किया जाएगा. व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अंतिम नामांकन पूरी तरह से विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित की जाने वाली संयुक्त मेधा सूची (मेरिट लिस्ट) एवं कॉलेजों में संबंधित कोर्स के लिए स्वीकृत सीटों के आधार पर पारदर्शी तरीके से किया जायेगा.

Also Read: सारण के खैरा बाजार से विवाहित महिला रहस्यमय ढंग से लापता, पति ने दर्ज कराई FIR