saran news : मकेर. छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो चौक के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान पीर मकेर पंचायत के बढ़ाई टोला निवासी स्व श्री भगवान साह की 65 वर्षीया पत्नी सुनैना देवी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि सुनैना देवी अपनी बड़ी पुत्री के ससुराल ठिकहा मरीचा में बीमार समधी विश्वनाथ साह को देखने पुत्र के साथ बाइक से गयी थी. वहां से लौटते वक्त सोनहो चौक पर ट्रक की चपेट में आ गयीं और मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना में उनका पुत्र बाल-बाल बच गया. मौत की खबर मिलते ही अन्य दो पुत्र मनोज कुमार, नीतीश कुमार, चार पुत्री पूनम देवी, अन्नू देवी, नीतू देवी और अविवाहित पुत्री सुलेखा कुमारी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंच गये. कुछ देर के लिए सड़क जाम की स्थिति भी बनी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. उधर, जिस समधी को देखकर वह लौट रही थीं, उन्हें जब इस हादसे की सूचना मिली तो हार्ट अटैक आने से उनकी भी मौत हो गयी. एक ही घटना में दो बुजुर्गों की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है. परिजनों का कहना है कि सुबह तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही घंटों में दो जिंदगियां खत्म हो गयीं.