छपरा. कटहरी बाग महावीर स्थान स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा को लेकर बुधवार को शहर में भव्य जलभरी यात्रा निकाली गयी. यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई. जलभरी यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पीले वस्त्र धारण कर शामिल हुए. बैंड-बाजा, हाथी-घोड़े और धार्मिक जयघोष यात्रा के मुख्य आकर्षण रहे, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बन गया. आयोजन समिति के अनुसार श्री विश्वकर्मा मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा आगामी छह फरवरी को संपन्न होगी. इसके पूर्व गुरुवार को निर्माणाधीन भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया जायेगा. प्राणप्रतिष्ठा के दिन विधिवत पूजन के साथ भंडारा एवं देवी जागरण का भी आयोजन किया गया है. बताया गया कि इस मंदिर का निर्माण जन-मानस के सहयोग से किया जा रहा है. आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की सक्रिय भूमिका रही है. इस अवसर पर कृष्ण कुमार वैष्णवी, अशोक शर्मा, संजय शर्मा, नूतन वैष्णवी, अमरावती देवी, गोनी कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे.