saran news : क्रिटीकल मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर करें इलाज : डीएस

saran news : सदर अस्पताल में ओपीडी, इमरजेंसी, ओटी आदि का डीएस ने किया निरीक्षण, मानकों के अनुसार इलाज की व्यवस्थाओं को उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

By SHAILESH KUMAR | May 12, 2026 10:04 PM

saran news : छपरा. मंगलवार को सुबह के शिफ्ट में उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे द्वारा सदर अस्पताल का व्यापक निरीक्षण किया गया. इस दौरान ओपीडी, इमरजेंसी, ऑपरेशन थियेटर (ओटी) एवं स्त्री रोग विभाग का विधिवत निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के क्रम में मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गयी. निरीक्षण के क्रम में उपाधीक्षक ने स्वयं इमरजेंसी सेवाओं में मरीजों का इलाज किया. उन्होंने मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ एवं चिकित्सकों को पेशेंट ट्रायेज सिस्टम की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी. मरीजों की गंभीरता के अनुसार प्राथमिकता तय कर शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया, ताकि आपातकालीन सेवाएं और अधिक बेहतर बन सकें. इसके साथ ही बेड हेड टिकट (बीएचटी) को सही एवं व्यवस्थित ढंग से संधारित करने को लेकर भी चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि सटीक एवं अद्यतन अभिलेख न केवल बेहतर इलाज का आधार हैं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं मानवीय स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता है. अस्पताल में अनुशासन, जवाबदेही एवं टीमवर्क के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार का प्रयास किया जा रहा है. अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के नियमित निरीक्षण एवं ऑन-द-स्पॉट प्रशिक्षण से स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी. सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी व भरोसेमंद बनाना ही निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य है.