फरवरी में ही चढ़ा पारा, 31 डिग्री पहुंचा तापमान, दिन में तीखी धूप से बढ़ी तपिश

होली से पहले गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, फरवरी माह के अंतिम दिन पहली बार पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया.

By ALOK KUMAR | February 28, 2026 10:42 PM

गोपालगंज. होली से पहले गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, फरवरी माह के अंतिम दिन पहली बार पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया. वही सुबह और रात में मौसम में काफी अंतर देखने को मिल रहा है. दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड का मिश्रित असर देखने का मिल रहा है. नवंबर से फरवरी महीने में बारिश नहीं होने के कारण गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विज्ञानी डॉ एसएन पांडेय ने बताया है कि होली से पहले पारा 32 डिग्री से ऊपर जा सकता है. ऐसे में इस बार जून महीने से पहले गर्मी अपनी तपिश का अहसास कराना शुरू कर देंगी. पिछले साल 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री का पार कर गया था. वहीं साल 2024 में 28 फरवरी को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था. शनिवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है, वही न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है. सापेक्ष आर्द्रता अधिकतम 93 प्रतिशत तथा न्यूनतम 23 प्रतिशत दर्ज की गई. जिससे सुबह हल्की नमी और दोपहर में शुष्क गर्मी का अहसास हुआ. हवा की औसत गति 2.5 किलोमीटर प्रति घंटा रही.

गर्मी का सीजन 10 से 15 मार्च के बाद शुरू होता

आगामी पांच दिनों तक आसमान साफ रहेगा और वर्षा की कोई संभावना नहीं है. मौसम विशेषज्ञ डा एसएन पांडेय ने बताया कि आमतौर पर गर्मी का सीजन 10 से 15 मार्च के बाद शुरू होता है. लेकिन इस बार शुष्क मौसम जल्दी आने से ऐसा हो रहा है. बारिश भी इस महीने में जितनी होनी चाहिए वह नहीं हुई है. बारिश की मात्रा का अनुपात शून्य रहा. इसी वजह से इस बार गर्मी जल्दी और झुलसाने वाली पड़ेगी.