बिहार का सबसे गर्म जिला रहा सारण, तापमान 36.6°C, मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट, क्या मिलेगी राहत?

Saran Weather Update: सारण बिहार का सबसे गर्म जिला रहा है. जिले का तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया है, हालांकि मौसम विभाग की ओर से बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, अब देखना होगा कि जिले के लोगों को राहत मिलती है या नहीं?

By Sakshi kumari | June 12, 2026 12:52 PM

Saran Weather Update: बिहार में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो गई हैं. मौसम विज्ञान पटना द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-तड़क, वज्रपात, बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इसके बावजूद गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सारण में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे बिहार में सर्वाधिक रहा.

इन जिलों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सारण समेत पश्चिम और दक्षिण बिहार के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जबकि पटना, गया, नालंदा, नवादा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, बांका, जमुई समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

सारण में सबसे ज्यादा गर्मी लेकिन तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सारण का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि पिछले 24 घंटे की तुलना में यहां तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी दर्ज की गई है. इसके बावजूद सारण राज्य का सबसे गर्म जिला बना रहा. सारण के अलावा कैमूर में 36.0°C, देहरी में 35.0°C, गया में 34.4°C, शेखपुरा में 34.6°C और औरंगाबाद में 33.5°C तापमान दर्ज किया गया.

बारिश के बावजूद गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं

राज्य के कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश हुई और आगामी 24 घंटों में भी बारिश तथा आंधी की संभावना जताई गई है. इसके कारण अधिकांश जिलों के तापमान में 3 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई है. पटना में तापमान 29.6°C रहा, जो पिछले दिन की तुलना में 8.9 डिग्री कम है. मुजफ्फरपुर में 28°C, दरभंगा में 28.6°C, मधुबनी में 28.3°C, सुपौल में 28.6°C और किशनगंज में 28.8°C तापमान दर्ज किया गया.

सारण में अब भी गर्मी का कहर जारी

हालांकि बारिश के बाद भी दक्षिण-पश्चिम बिहार और सारण प्रमंडल के कुछ इलाकों में गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. हीट इंडेक्स विश्लेषण में सारण का हीट इंडेक्स 39.6°C दर्ज किया गया, जो दर्शाता है कि लोगों को महसूस होने वाली गर्मी वास्तविक तापमान से अधिक रही.

गया समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गया, पटना, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, जमुई, मुंगेर, लखीसराय, भागलपुर, बांका, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और कटिहार समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सारण समेत इन जिलों में येलो अलर्ट

सारण,सीवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां भी मेघगर्जन, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की सलाह दी है. किसानों को भी खेतों में काम करते समय सतर्क रहने तथा मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने को कहा गया है.

Also Read: बिहार के इस जिले में 30 साल बाद दिखा दुर्लभ हिमालयन ग्रिफॉन गिद्ध, वन विभाग ने रेस्क्यू कर पटना जू भेजा