सारण में बड़ा रेल हादसा टला, बस से भिड़ी डीएमयू ट्रेन, ट्रैक के पास लापरवाही पड़ी भारी

Train Bus Collision: बिहार के सारण जिले में श्मशान घाट के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया. अंतिम संस्कार के लिए पहुंची एक बस डीएमयू ट्रेन से टकरा गई. हादसे के बाद आरपीएफ ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी.

By Paritosh Shahi | June 7, 2026 8:40 PM

Train Bus Collision: सारण जिले में एक बड़ा रेल हादसा टल गया. छपरा-वाराणसी रेलखंड पर श्मशान घाट के पास एक बस डीएमयू ट्रेन की चपेट में आ गई. राहत की बात यह रही कि टक्कर के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी की जान नहीं गई. यह घटना गौतम स्थान रेलवे स्टेशन और रिविलगंज घाट रेलवे स्टेशन के बीच गोरिया छपरा श्मशान घाट के पास हुई. बस एक शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर वहां पहुंची थी.

अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे थे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव से ग्रामीण एक शव को अंतिम संस्कार के लिए गोरिया छपरा सिमरिया श्मशान घाट लेकर आए थे. सभी लोग बस से उतरकर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे. इसी दौरान बस चालक वाहन को पीछे मोड़ने की कोशिश कर रहा था. तभी छपरा की ओर से आ रही 75102 डीएमयू ट्रेन वहां पहुंच गई.

बस के पिछले हिस्से से हुई टक्कर

बस चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और ट्रेन बस के पिछले हिस्से से टकरा गई. टक्कर के बाद बस का पिछला भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. ट्रेन अपने रास्ते आगे निकल गई. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई. लोगों की भीड़ जुट गई और हादसे की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी गई.

आरपीएफ ने चालक को लिया हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम एक्टिव हो गई. छपरा पोस्ट के प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की. आरपीएफ ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया. साथ ही बस चालक बनियापुर गांव निवासी जोगिंदर प्रसाद को हिरासत में ले लिया गया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

रेलवे कोर्ट में पेश होगा चालक

रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बताया कि चालक को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सोनपुर रेलवे कोर्ट में पेश किया जाएगा. मामले की जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. समय रहते बस खाली हो जाने की वजह से बड़ा हादसा टल गया. अगर टक्कर के समय बस में लोग सवार होते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी.

इसे भी पढ़ें: बिहार में BHU की ब्रांच खोलने की तैयारी, सरकार देगी जमीन, TRE 4 आया बड़ा अपडेट

बिहार में 14 जून तक खराब रहेगा मौसम का हाल, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बारिश और वज्रपात का भी खतरा