Saran Cattle Theft : सारण के परसा थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पशु चोरी की बड़ी वारदात टल गई. परसौना गांव से चोरी कर ले जाए जा रहे दो भैंस और एक बछिया को पुलिस ने बरामद कर लिया. हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर पशु तस्कर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने पिकअप वैन जब्त कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है.
ग्रामीणों की सतर्कता से खुली तस्करों की पोल
परसा थाना क्षेत्र के परसौना गांव से मंगलवार देर रात चोरों ने दो भैंस और एक बछिया चोरी कर उन्हें पिकअप वैन पर लाद लिया. तस्कर मवेशियों को बेचने के इरादे से लेकर जा रहे थे. इसी दौरान अन्याय गांव के समीप ग्रामीणों को पिकअप वैन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना परसा थाना पुलिस को दी.
पुलिस पहुंची तो पिकअप छोड़ भाग निकले तस्कर
सूचना मिलते ही परसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध पिकअप वैन को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को करीब आता देख चालक और उसके साथी घबरा गए. वे पिकअप वैन और उसमें लदे मवेशियों को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए.
तीनों मवेशी सुरक्षित बरामद, पिकअप जब्त
पुलिस ने मौके से पिकअप वैन को जब्त कर लिया और चोरी किए गए दो भैंस तथा एक बछिया को सुरक्षित बरामद कर लिया. बाद में मवेशियों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित रखने की कार्रवाई शुरू की गई.
फरार तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब जब्त पिकअप वैन के आधार पर पशु तस्करों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा.
Also Read : गोपालगंज में 22 अंचल अमीनों का तबादला, 4 जुलाई तक नए पदस्थापन पर देना होगा योगदान
