saran news : छपरा. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्य को लेकर एनेस्थीसिया विभाग के चिकित्सकों तथा सर्जन व मेडिसिन डॉक्टरों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है. इस आपसी विवाद का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है. मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ा.
एनेस्थेटिक चिकित्सकों की लापरवाही के कारण समय पर पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिससे परिजन परेशान रहे. जानकारी के अनुसार, तरैया थाना क्षेत्र के पचभिंडा गांव निवासी स्वर्गीय प्रभु महतो की पत्नी मनोरमा देवी की सोमवार की रात करीब 11 बजे सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. घटना के बाद परिजन एवं तरैया थाना के होमगार्ड शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. लेकिन उन्हें काफी इंतजार करना पड़ा. रोस्टर के अनुसार चिकित्सक की ड्यूटी लगी थी, लेकिन वह ड्यूटी करने नहीं आये. जबकि पूर्व में ही उपाधीक्षक ने ड्यूटी संबंधी गाइडलाइन जारी की थी.