असामाजिक तत्वों की सूची तैयार, कैंप कोर्ट लगाकर किये जायेंगे बाउंड डाउन

रामनवमी के अवसर पर जिला में सामान्य विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव व वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई.

By ALOK KUMAR | March 24, 2026 10:30 PM

छपरा. रामनवमी के अवसर पर जिला में सामान्य विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव व वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई. अधिक से अधिक असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दिया गया. सभी थाना प्रभारी को इसके लिए उपयुक्त प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया. आवश्यक होने पर कैंप कोर्ट कर बाउंड डाउन करने का निर्देश सभी अनुमंडल पदाधिकारी को दिया गया. शोभायात्रा मार्ग में बिजली एवं अन्य तारों का सत्यापन कर अवशुकतानुसार इसे उचित ऊंचाई पर करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति को दिया गया. निर्माणाधीन खुले नाले को तत्काल कवर करने का निर्देश बुडको को दिया गया. शोभायात्रा रूट में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नगर निगम सुनिश्चित करेगा. मद्य निषेध विभाग एवं पुलिस मद्य निषेध का प्रभावी मोनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे. उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करेंगे. फायर ब्रिगेड, अस्पताल एवं एम्बुलेंस सेवा को अलर्ट मोड में रहने का निदेश.डीजे का उपयोग वर्जित है इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश सभी थाना प्रभारी को दिया गया. बैठक में अपर समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.