जेपीयू में वोकेशनल कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 10 जुलाई से नामांकन, जानें एडमिशन लेने की पूरी प्रक्रिया

JPU Vocational Admission 2026: जेपीयू ने सत्र 2026-27 के वोकेशनल कोर्स में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू किया. 6 जुलाई तक आवेदन और 10 जुलाई से नामांकन होगा.

By Sakshi kumari | June 28, 2026 10:35 AM

सारण से प्रभात किरण हिमांशु की रिपोर्ट
JPU Vocational Admission 2026: सारण के जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) ने स्नातक सत्र 2026-27 के व्यावसायिक (वोकेशनल) पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. बीसीए, बीबीए, बीएमसी, बायोटेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल फिश एंड फिशरीज जैसे कोर्स में दाखिले के इच्छुक छात्र-छात्राएं 6 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं. पहली मेधा सूची 9 जुलाई को जारी होगी.

जेपीयू ने जारी किया नामांकन नोटिफिकेशन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वोकेशनल कोर्स में नामांकन का कार्यक्रम जारी कर दिया है. व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विश्वविद्यालय निदेशक प्रो. अजीत कुमार तिवारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और छात्र निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं.

6 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

विश्वविद्यालय के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है. इच्छुक अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

9 जुलाई को जारी होगी पहली मेधा सूची

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 9 जुलाई को पहली मेधा सूची प्रकाशित की जाएगी. मेधा सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी.

10 जुलाई से शुरू होगा नामांकन

पहली मेधा सूची जारी होने के बाद 10 जुलाई से 14 जुलाई तक चयनित विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. नामांकन संबंधित महाविद्यालयों में निर्धारित अवधि के भीतर कराया जाएगा.

मेधा सूची और आरक्षण नियमों के आधार पर होगा चयन

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामांकन मेधा सूची और स्वीकृत सीटों के आधार पर किया जाएगा. आरक्षण से संबंधित सभी प्रावधान बिहार सरकार और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार लागू होंगे.

मूल प्रमाण पत्र साथ लाना होगा जरूरी

नामांकन के समय चयनित अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र और उनकी स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी. निर्धारित अवधि के बाद किसी भी प्रकार का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा.

विभिन्न कॉलेजों में उपलब्ध सीटों की जानकारी

विश्वविद्यालय ने विभिन्न कॉलेजों में उपलब्ध सीटों का विवरण भी जारी किया है.

  • राजेंद्र कॉलेज में बीसीए की 60, बीबीए की 60, बीएमसी की 60 और बायोटेक्नोलॉजी की 40 सीटें उपलब्ध हैं.
  • गंगा सिंह कॉलेज में बीसीए और बीबीए की 60-60 सीटें तथा इंडस्ट्रियल फिश एंड फिशरीज की 32 सीटें उपलब्ध हैं.

डीएवी कॉलेज में बीसीए की 50 सीटें उपलब्ध हैं.

  • जगदम कॉलेज में बीएमसी की 60 और बायोटेक्नोलॉजी की 40 सीटों पर नामांकन होगा.
  • राजा सिंह कॉलेज, सीवान में बीएमसी की 60 और बायोटेक्नोलॉजी की 40 सीटें निर्धारित हैं.
  • एचआर कॉलेज, आमनौर में बीएमसी की 60 और बायोटेक्नोलॉजी की 40 सीटें उपलब्ध हैं.
  • महेंद्र महिला कॉलेज, गोपालगंज में बीएमसी की 60 सीटों पर नामांकन होगा.

Also Read: सारण में ट्रक ने 40 वर्षीय युवक को कुचला, मौके पर गई जान, आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-331 किया जाम