छपरा. चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के अंतर्गत फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2025-29 की परीक्षा के लिए कल से ऑनलाइन मोड में फॉर्म भरा जायेगा. सभी कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर इस संदर्भ में सूचना प्रकाशित कर दी गयी है. वहीं विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर भी फॉर्म भरने से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध करा दी गयी है. परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षा फॉर्म पांच से 15 फरवरी तक भरा जायेगा. छात्रों को सबसे पहले विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा. उसके बाद उसकी एक कॉपी निकाल कर सभी जरूरी कागजातों के साथ संलग्न करने के बाद विभाग में सत्यापित करना होगा. परीक्षा फॉर्म भी ऑनलाइन ही जमा होगा. जिसका लिंक भी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर उपलब्ध है. परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 600 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. परीक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा फार्म के साथ पूर्व की परीक्षा का प्रवेश पत्र, अंक पत्र, पंजीयन प्रमाण पत्र आदि संलग्न करना होगा. परीक्षा नियंत्रक ने सभी छात्रों से अपील करते हुए कहा है कि ऑनलाइन फॉर्म भरते समय काफी सावधानी बरतें. क्योंकि पूर्व के कई सत्रों में ऑनलाइन फॉर्म भरने के दौरान छात्र-छात्राओं ने काफी त्रुटियां कीं. जिस कारण एडमिट कार्ड जारी करने तथा अंक पत्र जारी करने में परेशानी आयी. ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद पहले महाविद्यालय स्तर पर उसका वेरिफिकेशन होगा. उसके बाद ही फॉर्म को आगे विश्वविद्यालय के पास फॉरवर्ड किया जायेगा. विश्वविद्यालय में फॉर्म की जांच के उपरांत एडमिट कार्ड जारी किया जायेगा.