Jalalpur Girl Kidnapping Case : (अमित कुमार) सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र से दो अलग-अलग गांवों की दो युवतियों के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपितों की गिरफ्तारी और युवतियों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
बंगरा गांव से सिलाई सीखने गई युवती हुई लापता
पहली घटना जलालपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव की है. यहां निवासी जयशंकर शर्मा ने अपनी पुत्री के कथित अपहरण का आरोप लगाते हुए डोरीगंज थाना क्षेत्र के मखदूमगंज निवासी रामाशंकर शर्मा के पुत्र निखिल शर्मा को नामजद अभियुक्त बनाया है. दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि उनकी पुत्री सिलाई सीखने गई थी, तभी आरोपित उसे अपने साथ लेकर चला गया.
सवरी गांव से दूसरी युवती के अपहरण का आरोप
दूसरे मामले में सवरी गांव निवासी रंजु देवी ने अपनी पुत्री के कथित अपहरण का आरोप गांव के ही मुन्ना राम के पुत्र रोहन राम, लक्ष्मीना देवी समेत दो अन्य लोगों पर लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
जलालपुर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. युवतियों की बरामदगी और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटनाएं
एक ही थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से एक साथ दो युवतियों के कथित अपहरण की घटनाओं के सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. स्थानीय लोग भी पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.
