भेल्दी में कार के धक्के से इंटर की छात्रा की गयी जान

मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर सरायबक्स के समीप एक तेज रफ्तार कार ने एक छात्रा को रौंद दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

By ALOK KUMAR | May 11, 2026 9:34 PM

विरोध में ग्रामीणों ने जाम की सड़क भेल्दी (छपरा). मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर सरायबक्स के समीप एक तेज रफ्तार कार ने एक छात्रा को रौंद दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृत छात्रा सुमन कुमारी (16 वर्ष) भेल्दी थाने के जाफरपुर गवन्द्री गांव के सिकंदर सिंह की पुत्री बतायी जाती है. जानकारी के अनुसार भेल्दी थाने के जाफरपुर गवन्द्री गांव के सिकंदर सिंह की पुत्री सुमन कुमारी ने सोमवार को रायपुरा से कोचिंग कर अपने गांव के एक अन्य सहेली के साथ साइकिल से घर लौट रही थी.सुमन जैसे ही एनएच 722 पर सरायबक्स के समीप पहुंची कि पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे सुमन की मौत मौके पर ही हो गयी. सुमन की मौत के बाद उसकी सहेली ने शोर मचाया तो कुछ युवक भाग रही कार पर ईट-पत्थर भी फेंके मगर चालक कार को लेकर भेल्दी की ओर भागने में सफल रहा.छात्रा सुमन कुमारी की मौत की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गये और बड़े ट्रकों को एनएच के बीचों-बीच खड़ा कर आवागमन को पूरी तरह ठप कर दिया. इंटर की छात्रा सुमन कुमारी की मौत की सूचना मिलते ही परिजनो में चीख-पुकार मच गयी. मां अनु देवी अपने पुत्री के शव को देखकर दहाड़ मारकर रो रही थी.