जीआरपी ने 12 लाख की जब्त शराब का किया विनष्टिकरण

छपरा जीआरपी थाना परिसर में शुक्रवार को जब्त शराब के विनष्टीकरण की कार्रवाई की गयी.

By PRASHANT KUMAR PATNA | January 30, 2026 10:55 PM

छपरा. छपरा जीआरपी थाना परिसर में शुक्रवार को जब्त शराब के विनष्टीकरण की कार्रवाई की गयी. यह कार्रवाई जीआरपी थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी, सीओ अक्षय राणा प्रताप सिंह तथा राजस्व कर्मचारी सूरज कुमार की संयुक्त उपस्थिति में संपन्न हुई. अधिकारियों की देखरेख में थाने में जब्त कर रखी गयी अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया. जानकारी के अनुसार विभिन्न मामलों में बरामद की गयी शराब को सूचीबद्ध कर एक-एक कर विनष्टीकरण की प्रक्रिया अपनाई गयी. इस दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका न रहे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गयी है. वही जीआरपी थानाअध्यक्ष ने बताया कि करीब एक हजार लीटर अंग्रेजी शराब को नष्ट किया गया है. जब्त की गयी शराब की अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गयी है. उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जीआरपी लगातार छापेमारी और जांच अभियान चला रही है. कार्रवाई के दौरान आसपास के लोग भी देखने के लिए पहुंचे थे.