श्रीमद् देवी भागवत कथा को लेकर भव्य कलश यात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

नगर पंचायत परसा बाजार के चेतन परसा में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा के अवसर पर श्री-श्री 108 विराट शतचंडी महायज्ञ को लेकर मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई.

By ALOK KUMAR | January 27, 2026 10:54 PM

परसा. नगर पंचायत परसा बाजार के चेतन परसा में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा के अवसर पर श्री-श्री 108 विराट शतचंडी महायज्ञ को लेकर मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई. गाजे-बाजे, हाथी, घोड़ा, ऊंट, झांकी एवं रथ के साथ निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया.कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर चेतन परसा, हाई स्कूल चौक, दरोगा राय चौक, परसा बाजार होते हुए मस्तीचक खेल मैदान पहुंची. वहां आचार्य अभिषेक जी महाराज के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक कलश में जलभरी कराई गई. जलभरी के उपरांत श्रद्धालुओं का जत्था सैदपुर मुहम्मदपुर होते हुए पुनः यज्ञशाला पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर कलश की स्थापना की.आचार्य अभिषेक महाराज ने बताया कि कलश यात्रा के पश्चात 28 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रतिदिन हवन, पूजन, सामूहिक रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा.श्रीमद् देवी भागवत कथा का समय प्रतिदिन संध्या 5 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित है. महायज्ञ की पूर्णाहुति, कन्याभोज एवं विशाल भंडारा का आयोजन 3 फरवरी को किया जाएगा.कलश यात्रा में प्रमुख सबिता देवी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि करमुल्लाह, उप दीपक कुमार, संजीव सिंह राजू गुप्ता, मेघनाथ साह, राम पुकार राय, रंजीत गुप्ता, शैलेंद्र राय, भूलन सिंह, आमोद शर्मा, सुनील यादव, सोनू राय, मनोहर राय, उमा सिंह, उर्मिला देवी, रंजू देवी, रेखा देवी, पूनम देवी, मुस्कान कुमारी, खुशी कुमारी समेत हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने लाल-पीले वस्त्र धारण कर भाग लिया.पूरे मार्ग में “जय माता दी” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजकों द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था की समुचित व्यवस्था की गयी थी.