छपरा. स्नातक पार्ट थर्ड विशेष परीक्षा हाल ही में संपन्न हुई है. हालांकि परीक्षा के दौरान 17 व 19 जनवरी को आयोजित पांचवें पेपर की परीक्षा से कई परीक्षार्थी अनुपस्थित हो गये थे. इस संदर्भ में छात्र-छात्राओं द्वारा विश्वविद्यालय को अनुपस्थित रहने का उचित कारण प्रस्तुत करते हुए आवेदन दिया गया था. जिसके बाद कुलपति प्रो परमेंद्र कुमार बाजपेई के निर्देश पर परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने पांचवें पेपर से वंचित रह गये छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने का एक अंतिम अवसर प्रदान किया है. जिन परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गयी थी. वह 26 फरवरी को परीक्षा विभाग द्वारा जारी किये शेड्यूल के अनुसार पांचवे पेपर की परीक्षा दे सकते हैं. परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि 26 फरवरी को दो पालियों में पांचवें पेपर की परीक्षा ली जायेगी. पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक होगी. जबकि दूसरी पाली दोपहर 1:30 से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षा से वंचित रह गये छात्र-छात्राओं के पास यह अंतिम अवसर होगा. इसके बाद किसी भी स्थिति में परीक्षा का आयोजन नहीं कराया जायेगा.