छपरा. वैकल्पिक रास्ते बदहाल, डबल डेकर निर्माण क्षेत्र से जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग, इस शीर्षक से 10 फरवरी को प्रभात खबर में खबर प्रकाशित हुई थी. खबर छपने के अगले दिन ही संबंधित विभाग ने डबल डेकर निर्माण क्षेत्र के वैकल्पिक रास्तों का मेंटेनेंस शुरू कर दिया है. कुछ जगहों को चिह्नित कर वहां सीमेंट से अस्थायी रूप से ढलाई कर दी गयी है. जिससे आवागमन सहज हो सके. विदित होकर डबल डेकर निर्माण क्षेत्र से सटे कई ऐसे गली मुहल्ले की सड़क है. जो जर्जर हैं. जिस कारण लोगों को निर्माण क्षेत्र से ही जान जोखिम में डालकर गुजरा पड़ रहा है. वैकल्पिक रास्तों को दुरुस्त करने की मांग लोग लंबे समय से कर रहे हैं. प्रभात खबर ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया. जिसके बाद विभाग ने संज्ञान लिया है. बुधवार को गांधी चौक के पास छोटा तेलपा होते हुए कटहरी बाग जाने वाली सड़क जहां चौराहे पर डबल डेकर निर्माण कार्य अभी जारी है. वहां सीमेंट से अस्थायी ढलाई करायी गयी है. वहीं मौना से मेवालाल चौक के बीच में कुछ जगहों को चिह्नित कर लिया गया है. मेवालाल चौक से ठीक पहले दालदली बाजार होते हुए करीम चक निकलने वाली सड़क निर्माण का कार्य भी तेज कर दिया गया है. जिससे इस रूट से लोग वैकल्पिक रूप से आवागमन कर सकें. इसके अलावा कुछ गली मुहल्ले की सड़के जहां नाले के स्लैब टूटे हुए हैं और जलजमाव के कारण बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. इसका मेंटेनेंस भी आज से शुरू कराया जायेगा. नगर निगम ने भी इस खबर पर संज्ञान लिया है और जिन जगहों पर जलजमाव है वहां साफ-सफाई को लेकर निर्देश दिया गया है. विदित होगी महाशिवरात्रि व होली को लेकर अब बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी है. ग्रामीण क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में खरीदार बाजार पहुंच रहे हैं. लेकिन शहर के वैकल्पिक रास्ते बदहाल होने के कारण लोगों को डबल डेकर निर्माण क्षेत्र से ही गुजरना पड़ रहा है. जिससे आये दिन हादसे हो रहे हैं. कई बार तो लोगों को गांधी चौक से स्टेशन व रेलवे बस स्टैंड तक जाने के लिए भी घंटों समय लग रहा है. जाम लगने के कारण कई बार लोगों की ट्रेन भी छूट रही है. वहीं ट्रैफिक पुलिस द्वारा भी इ रिक्शा चालकों के लिए वन वे रूट निर्धारित किया गया है. कई जगहों पर बैरिकेडिंग लगाकर वनवे की जानकारी दी जा रही है. जिसे आवागमन भी सहज हो सके और लोगों निर्माण क्षेत्र में प्रवेश न करें.