घरेलू झगड़े में दंपती ने तीन मंजिले मकान से लगायी छलांग, पति की मौत

नगर थाना के अलियर स्टैंड के पास एक किराये के मकान की तीसरी मंजिल से पति-पत्नी ने नीचे छलांग लगा दी.

By ALOK KUMAR | March 26, 2026 9:28 PM

छपरा. नगर थाना के अलियर स्टैंड के पास एक किराये के मकान की तीसरी मंजिल से पति-पत्नी ने नीचे छलांग लगा दी. इस घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पत्नी गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती है. घटना का कारण घरेलू झगड़ा बताया जा रहा है. मृतक की पहचान जिले के खैरा थाना क्षेत्र के पटेढा गांव निवासी पिंटू सिंह के रूप में हुई है, जो डबल डेकर पुल निर्माण कार्य में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे. उनकी पत्नी प्रिया सिंह का मायका भेल्दी थाना क्षेत्र के नाहरपुर में है. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. बुधवार की रात विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने छत से छलांग लगा दी. इस दौरान पिंटू सिंह का सिर छज्जे से टकरा गया और वह नीचे झाड़ी में गिर गये, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. वहीं प्रिया सिंह सीधे झाड़ी में गिरीं, जिससे उनका एक पैर टूट गया. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को झाड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया. पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति शराब पीकर झगड़ा करता था. वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि पत्नी जमीन के कागजात में अपना नाम दर्ज कराना चाहती थी, इसको लेकर दोनों के बीच विवाद होता था.