छपरा जंक्शन जा रही टेंपो अचानक पलटी, तीन यात्री घायल, चालक पर शराब पीने का आरोप

छपरा के भरत मिलाप चौक के पास स्टेशन जा रही एक टेंपो अचानक पलट गई, जिसमें तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

By Sakshi kumari | May 20, 2026 8:24 AM

Chhapra Accident: (हरि प्रकाश मिश्रा) छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के भरत मिलाप चौक के समीप मंगलवार को स्टेशन जा रही एक टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में टेंपो पर सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

नई दिल्ली जाने निकले थे यात्री

घायलों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के रूपगंज मोहल्ला निवासी शिवरात्रि देवी, नितेश कुमार और सुनीता देवी के रूप में हुई है. सदर अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों ने बताया कि वे लोग नई दिल्ली जाने के लिए छपरा जंक्शन जा रहे थे और इसके लिए घर से ही टेंपो रिजर्व किया गया था.

चालक ने खोया नियंत्रण, सड़क पर पलटी टेंपो

घायलों के अनुसार जैसे ही टेंपो भरत मिलाप चौक के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. इसके बाद टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

डॉक्टरों ने बताई हालत गंभीर

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति गंभीर बताई है. फिलहाल सभी का इलाज जारी है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं.

चालक पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप

हादसे के बाद घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया कि टेंपो चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. घटना की सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाना के राम दखल सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों के परिजनों के साथ चालक से भी पूछताछ की.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने चालक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर, करीम चौक निवासी नसीम अंसारी के रूप में की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चालक के नशे में होने के आरोप की भी पड़ताल की जा रही है.

Also Read: सारण की स्वास्थ्य व्यवस्था पर केंद्र की पैनी नजर, अस्पतालों में पहुंची एक्सपर्ट टीम, शुरू हुई बड़ी जांच