Census 2027 News : आगामी जनसंख्या गणना के प्री-टेस्ट को सफल और त्रुटिरहित बनाने के लिए सोनपुर नगर परिषद सभागार में गुरुवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को फील्ड में पूछे जाने वाले प्रश्नों, डिजिटल डेटा संग्रहण और नागरिकों से संवाद की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, इसलिए प्रत्येक कर्मी को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा.
फील्ड में पूछे जाने वाले प्रश्नों पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को गणना प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही संधारण, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन तथा फील्ड में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी. प्रतिभागियों को नागरिकों से प्रभावी संवाद स्थापित करने और पूर्व परीक्षण के दौरान आने वाली संभावित व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया.
डीएम बोले- जनगणना के आंकड़ों पर बनती हैं विकास योजनाएं
जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि जनसंख्या गणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय गतिविधियों में से एक है. इसके आधार पर सरकार विकास योजनाएं तैयार करती है, संसाधनों का वितरण करती है और जनकल्याणकारी नीतियां बनाती है. उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की.
प्री-टेस्ट का उद्देश्य मुख्य जनगणना से पहले कमियों की पहचान
डीएम ने कहा कि पूर्व परीक्षण का उद्देश्य वास्तविक जनसंख्या गणना से पहले पूरी व्यवस्था का परीक्षण करना और संभावित कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करना है. इससे मुख्य जनगणना निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक कराई जा सकेगी. उन्होंने सभी अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए.
Saran News : संयुक्त निदेशक ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण
जनगणना निदेशालय से आए संयुक्त निदेशक मंजू गुप्ता, सहायक निदेशक शिवेन्द्र कुमार, प्री-टेस्ट नोडल संजीव कुमार तथा कार्यपालक पदाधिकारी शशि कुमार ने प्रशिक्षण का अवलोकन किया. जिलाधिकारी ने जिला नोडल अधिकारी सह डीएसओ अंजनी कुमार लाल को पूरी टीम के साथ प्रशिक्षण की निगरानी करने और प्रत्येक सत्र के अंत में मूल्यांकन परीक्षा आयोजित कराने के निर्देश दिए.
स्व-गणना में मोबाइल खुद करेगा लोकेशन अपलोड
अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीएसओ तारणी कुमार ने बताया कि प्री-टेस्ट मुख्य जनगणना का ट्रायल है. सोनपुर नगर परिषद के चयनित 10 वार्डों में 1 से 5 जुलाई तक लोगों को स्व-गणना का अवसर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि अब स्व-गणना एप को अपडेट कर दिया गया है, जिससे लोगों को गूगल लोकेशन मैनुअली खोजने की जरूरत नहीं होगी. मोबाइल स्वयं लोकेशन कैप्चर करेगा और प्रगणक को मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित एचएलबी की जानकारी भी मिल जाएगी.
कई अधिकारी और प्रशिक्षक रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला नोडल आयुषी कुमारी, जुली कुमारी, प्रशिक्षक नीरज कुमार सिंह, श्रुति शैलेश, सविता कुमारी, आदर्श पाण्डेय, मोनी शर्मा, श्वेता सिंह, जिला कोषांग के सुनील कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, संतोष कुमार तथा व्यवस्थापक रईस अहमद सहित कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
Also Read : बिहार में सिर्फ दो जगह जनगणना 2027 का ट्रायल प्री टेस्ट होगा, 6 जुलाई से सोनपुर में शुरू
