शीतलपुर-परसा रोड पर बस की टक्कर से ऑटो चालक घायल

शीतलपुर-परसा एसएच-73 पर दरियापुर थाना क्षेत्र के मस्तीचक चौक के समीप गुरुवार को एक सड़क हादसा हो गया.

By ALOK KUMAR | March 26, 2026 9:30 PM

परसा. शीतलपुर-परसा एसएच-73 पर दरियापुर थाना क्षेत्र के मस्तीचक चौक के समीप गुरुवार को एक सड़क हादसा हो गया. जिसमें एक ऑटो गाड़ी अनियंत्रित होकर पीछे से एक बस में जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को ऑटो से बाहर निकाला और तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. जहां मौजूद चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया. घायल की पहचान शीतलपुर गांव निवासी बली महतो के पुत्र विकास कुमार के रूप में की गयी है. चिकित्सकों के अनुसार चालक को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो तेज गति में था और चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया. जिससे यह हादसा हुआ. घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गयी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.