बनियापुर. बेकाबू पछुआ हवा कि रफ्तार से आगलगी की घटनाएं दिनों-दिन बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला अंचल क्षेत्र के बेदौली पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 12 चोरौआ महादलित बस्ती का है. जहां गुरुवार को आगलगी की घटना में 30 से अधिक कर्कटनुमा और झोपड़ीनुमा मकान जलकर स्वाहा हो गये. वहीं दो-तीन लोग आंशिक रूप से झुलस गये. जिनका प्रशासन द्वारा एंबुलेंस से रेफरल अस्पताल भेजकर तुरंत उपचार कराया गया. पीड़ित परिवारों में ललपतिया देवी, धर्मेंद्र मुसहर, तारकिशोर मुसहर, कमला देवी, सिपाही मुसहर, सरोज मुसहर, दारा मुसहर, रामाशंकर मुसहर, टुनटुन मुसहर, एतवरिया देवी, चहक मुसहर, प्रदीप मुसहर सहित 30 परिवार शामिल है. इस दौरान पीड़ित परिवारों के घर में रखे, वस्त्र, अनाज, नकद, खाट, चौकी सहित अन्य आवश्यक सामग्री जलकर मलवे में तब्दील हो गया. हालांकि आगलगी की घटना के स्पष्ठ कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है. मगर स्थानीय लोगों में इस बात की चर्चा होती रही कि कूड़े के ढेर से निकली चिंगारी हवा के प्रभाव से घरों तक पहुंची और देखते ही देखते एक के बाद एक घर को अपने चपेट में लेती चली गयी.