तस्करी कर ले जाये जा रहे 110 कछुए आम्रपाली एक्सप्रेस से बरामद

अमृतसर से कटिहार जा रही डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन से आरपीएफ ने लगभग 110 कछुओं को बरामद किया है.

By ALOK KUMAR | March 13, 2026 9:40 PM

छपरा. अमृतसर से कटिहार जा रही डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन से आरपीएफ ने लगभग 110 कछुओं को बरामद किया है. तलाशी अभियान के दौरान एसी कोच के जॉइंट के पास संदिग्ध हालत में रखे एक बैग से इन कछुओं को बरामद किया गया. इस संबंध में सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश पंवार ने बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली. बरामद सभी कछुओं को वन विभाग की टीम को सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके. उन्होंने बताया कि कछुओं की तस्करी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर होती है. एशियाई देशों, विशेषकर चीन, थाईलैंड और वियतनाम में कछुओं की काफी मांग है. वहां इनका उपयोग पारंपरिक दवाओं, सूप और सजावटी वस्तुओं के रूप में किया जाता है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में दुर्लभ प्रजाति के कछुओं की कीमत लाखों रुपये तक पहुंच जाती है. इसी कारण तस्कर इनकी अवैध ढंग से तस्करी कर मोटा मुनाफा कमाने की कोशिश करते हैं. कछुओं की प्रजातियां तस्करों के निशाने पर हमेशा रहती हैं. तस्कर इन्हें पकड़कर ट्रेन, बस या अन्य माध्यमों से बड़े शहरों तक पहुंचाते हैं, जहां से इन्हें अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए विदेशों में भेजा जाता है.