समस्तीपुर में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, 1.25 लाख रुपये रिश्वत लेते मुखिया गिरफ्तार

Breaking News: समस्तीपुर के दलसिंहसराय में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई. चकबहुद्दीन पंचायत के मुखिया सिया राम राय को शिक्षक अब्दुल मनान से 1.25 लाख रुपये रिश्वत लेते विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया. जानिए खबर विस्तार से…

By Purushottam Kumar | June 10, 2026 4:27 PM

Breaking News: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में निगरानी विजिलेंस की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस की विशेष टीम ने दलसिंहसराय थाना क्षेत्र की चकबहुद्दीन पंचायत के मुखिया सिया राम राय को सवा लाख (1.25 लाख) रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है. दिनदहाड़े हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद से पूरे प्रखंड के जनप्रतिनिधियों के बीच हड़कंप मच गया है.

शिक्षक से मांगी थी रिश्वत

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चकबहुद्दीन पंचायत के मुखिया सिया राम राय ने एक स्थानीय शिक्षक अब्दुल मनान से किसी विभागीय या पंचायत स्तर के कार्य को निष्पादित करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी. शिक्षक रिश्वत की रकम नहीं देना चाहते थे, जिसके बाद उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की.

जाल बिछाकर निगरानी की टीम ने दबोचा

प्रारंभिक जांच में शिकायत सही मिलने पर निगरानी विभाग ने कार्रवाई की, जिसमें घूस मांगे जाने की बात पूरी तरह सही पाई गई. इसके बाद विजिलेंस के डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष दल (रेडिंग टीम) का गठन किया गया. योजना के अनुसार, जैसे ही मंगलवार को शिक्षक अब्दुल मनान ने मुखिया सिया राम राय को चकबहुद्दीन में 1.25 लाख रुपये केमिकल युक्त नोट थमाए, वैसे ही पहले से सादे लिबास में घात लगाए बैठी विजिलेंस की टीम ने मुखिया को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

समस्तीपुर सर्किट हाउस लेकर पहुंची टीम

निगरानी की टीम मुखिया सिया राम राय को अपनी कस्टडी में लेकर तुरंत दलसिंहसराय से समस्तीपुर शहर स्थित सर्किट हाउस (Circuit House) के लिए रवाना हो गई. सर्किट हाउस में विजिलेंस के अधिकारी गिरफ्तार मुखिया से कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं और कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मुखिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Anti-Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी मुखिया को मुजफ्फरपुर स्थित निगरानी की विशेष अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा.