सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Mansi Saharsa Rail Doubling: कोसी क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मानसी-सहरसा रेल दोहरीकरण एवं मानसी-हरदी चौघारा स्टेट हाईवे परियोजना को स्वीकृति मिलने पर कोशी विकास संघर्ष मोर्चा की ओर से सांसद दिनेश चंद्र यादव का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा. सम्मान समारोह का आयोजन 12 जुलाई को दोपहर में सहरसा के डीबी रोड स्थित रेनबो रिसोर्ट में होगा.
मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष विनोद कुमार झा एवं संरक्षक सह पूर्व जिला पार्षद प्रवीण आनंद ने संयुक्त रूप से इसकी जानकारी दी.
क्षेत्रीय विकास में सांसद की भूमिका का होगा सम्मान
मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कोसी क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार संसद और विभिन्न मंचों पर उठाया. इसके परिणामस्वरूप मानसी-सहरसा रेल दोहरीकरण और मानसी-हरदी चौघारा स्टेट हाईवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली.
परियोजनाओं से क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ
मोर्चा के अनुसार इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से कोसी क्षेत्र में आवागमन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. साथ ही लाखों लोगों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा.
प्रवीण आनंद ने कहा कि रेल दोहरीकरण परियोजना पूरी होने के बाद भविष्य में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे महानगरों के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी. इससे इलाज, रोजगार और शिक्षा के लिए बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी.
समारोह में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील
कोशी विकास संघर्ष मोर्चा ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षकों, युवाओं, व्यवसायियों एवं बुद्धिजीवियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
प्रमुख बातें
- 12 जुलाई को सहरसा के रेनबो रिसोर्ट में होगा नागरिक अभिनंदन समारोह.
- सांसद दिनेश चंद्र यादव का किया जाएगा सम्मान.
- मानसी-सहरसा रेल दोहरीकरण और स्टेट हाईवे स्वीकृति पर आयोजित होगा कार्यक्रम.
- कोशी विकास संघर्ष मोर्चा करेगा आयोजन.
- विभिन्न संगठनों और आम लोगों से समारोह में शामिल होने की अपील.
