भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत प्रखंड स्तरीय गोष्ठी सह मॉकड्रिल का आयोजन सोनवर्षाराज. प्रखंड मुख्यालय सभागार में मंगलवार को भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत प्रखंड स्तरीय गोष्ठी सह मॉकड्रिल का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, सतर्कता व सुरक्षा उपायों को लेकर आमजन व विशेषकर शिक्षकों को जागरूक करना था. कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन विभाग के एसआई राजवल्लभ सिंह ने भूकंप के कारणों से होने वाले संभावित नुकसान व आपदा के समय अपनाए जाने वाले आवश्यक एहतियाती उपायों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सतर्कता और सही निर्णय से जान-माल की क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है. गोष्ठी के बाद सभागार परिसर में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया. जिसमें आपदा विभाग के सिपाही नीतीश कुमार, जितेश कुमार व अरुण शर्मा ने भूकंप आने की काल्पनिक स्थिति बनाकर सुरक्षित स्थान पर जाने, भवन से त्वरित एवं सुरक्षित निकासी, बच्चों व दिव्यांगों की सहायता, प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाओं ने भाग लिया.