बीते 8 माह से अपनी जमीन की मापी कराने को लेकर चक्कर काट रहा है पीड़ित सोनवर्षाराज . सोनवर्षा अंचल कर्मियों द्वारा रिश्वत लेकर काम नहीं करने की वजह से कर्मी व रैयत के बीच हुई बहस बाजी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें रैयत आरोपी अंचल के एक कर्मी से काम नहीं करने की वजह से अपने पैसे वापस लेने के लिए बहसबाजी करता नजर आ रहा है. घटना शनिवार की बतायी जा रही है. हालांकि प्रभात खबर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. लेकिन इसने अंचल कर्मियों के क्रिया कलापों पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है. बीते 8 माह से अपनी जमीन की मापी कराने को लेकर एनआर कटाए मोहनपूर गांव का पीडित रैयत राजेश कुमार ने बताया कि उसने अपने केबाला से प्राप्त जमीन की मापी करवाने के लिए सोनवर्षा अंचल कार्यालय में आवेदन देकर 15 मई को निर्धारित शुल्क 1 हजार रुपये भी जमा करवा दिया था. इस कार्य के लिए अंचल कर्मी छोटू कुमार ने तीन किश्तों में 8 हजार रूपये लिया था. लेकिन पैसे लेने के बावजूद अंचल कर्मी छोटू कुमार द्वारा मापी की तिथि निर्धारित नहीं किया गया. इस दौरान वह कई बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाते-लगाते थक गया. जब काम नहीं हुआ तो वह अपना पैसा वापस लेने छोटू के पास गया तो उसने पैसे वापस देने से इंकार कर दिया. जाहिर है कि अंचल प्रशासन की उदासीनता से पीडित रैयत का 8 महीने बाद भी उसके जमीन मापी की तिथि निर्धारित नहीं की जा सकी है. इस बाबत सीओ जितेन्द्र सिन्हा ने कहा कि घटना के दिन वह विभागीय कार्य से जिला मुख्यालय में थे. वैसे वायरल वीडियो की जांच की जा रही है.