Rohtas Pulse Polio Campaign: (रंजन कुमार) “एक भी बच्चा छूटे नहीं, सुरक्षा चक्र टूटे नहीं” के संकल्प के साथ रविवार को रोहतास जिले के नोखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में विशेष पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय प्रताप ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की.
आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल के बीच स्वास्थ्य विभाग की विशेष तैयारी
आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने जीविका दीदियों, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती कर अभियान को सुचारु रूप से शुरू किया. विभाग का उद्देश्य जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियोरोधी दवा पिलाकर बीमारी से सुरक्षित रखना है.
2 जुलाई तक चलेगा विशेष पल्स पोलियो अभियान
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय प्रताप ने बताया कि यह विशेष पल्स पोलियो अभियान रविवार से 2 जुलाई तक चलेगा. अभियान के सफल संचालन के लिए 65 बूथ टीम, सात ट्रांजिट टीम, एक मोबाइल टीम तथा 22 सुपरवाइजर की प्रतिनियुक्ति की गई है.
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी तैनात रहेंगी टीमें
उन्होंने बताया कि नोखा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए.
30 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग ने प्रखंड एवं नगर क्षेत्र के लगभग 30 हजार बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. सभी टीमों को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को भी दवा पिलाने के निर्देश दिए गए हैं.
अभिभावकों से सहयोग की अपील
डॉ. अजय प्रताप ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं. पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियोरोधी खुराक देना है.
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आशा प्रबंधक रिजवान आलम, सुपरवाइजर हिमांशु रंजन, विद्यासागर चौधरी, शंकर वर्मा, एएनएम, जीविका दीदियां एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में 30 जून को एएनएम-जीएनएम को मिलेगा RCH पोर्टल 2.0 का प्रशिक्षण, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा फोकस
