राशन कार्ड बनवाने में समय और पैसे दोनों की बचत, घर बैठे फोन से करें ऑनलाइन अप्लाई और डाउनलोड
Ration Card Bihar: बिहार में राशन कार्ड बनवाने में अब समय और पैसे दोनों की बचत होगी. घर बैठे ही फोन या कंप्यूटर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद डिजिटल राशन कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं.
Ration Card Bihar: बिहार के राशन कार्ड धारकों के लिए अच्छी खबर है. घर बैठे ही लोग फोन या कंप्यूटर से राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इससे लोगों के समय के साथ-साथ पैसे की भी बचत होगी. जानकारी के मुताबिक, राशन कार्ड से जुड़ी सुविधाओं को आसान और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था अपनाई जा रही है.
राशन कार्ड से जुड़ी मिलेंगी ये सुविधा
ऐसे में अब नया राशन कार्ड बनवाना हो, परिवार के किसी भी सदस्य का नाम जोड़ने, आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग या फिर पता में बदलाव करने के लिए ऑनलाइन ही सुविधा मिलेगी. इसके लिए अब आपूर्ति कार्यालय या फिर प्रखंड का चक्कर लगाने की जरुरत नहीं पड़ेगी. आवेदन जमा किए जाने बाद उसकी स्थिति पोर्टल पर देखी जा सकेगी. इसके बाद आवेदन एक्सेप्ट होने के बाद लोग ऑनलाइन ही डिजिटल राशन कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे.
इस वेबसाइट पर कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन अप्लाई करते समय आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, फोन नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो समेत अन्य डॉक्यूमेंट की जरुरत पड़ेगी. राशन कार्ड धारक epds.bihar.gov.in वेबसाइट पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से लोगों की सुविधाओं के लिए यह पहल खास मानी जा रही है.
Also Read: सम्राट सरकार में फिर एनकाउंटर, दौड़ा-दौड़ाकर क्रिमिनल को मारी गोली, 2 पुलिस भी घायल
