कटिहार में विहिप की जिला कार्यसमिति बैठक, संगठन विस्तार पर विशेष जोर

VHP Meeting Katihar: कटिहार में विश्व हिंदू परिषद की जिला कार्यसमिति बैठक में संगठन विस्तार, सेवा कार्यों और आगामी धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई.

By Shruti Kumari | June 22, 2026 11:02 AM

कटिहार से राणा सिंह की रिपोर्ट:

VHP Meeting Katihar: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की जिला कार्यसमिति की बैठक शहर के काली स्थान के निकट स्थित भवन में आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. कार्यक्रम में संगठन विस्तार, सेवा गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर

बैठक का संचालन कटिहार के पालक अधिकारी एवं बजरंग दल उत्तर बिहार के प्रांत सुरक्षा प्रमुख अनिश सिंह के नेतृत्व में किया गया. इस अवसर पर जिला सह मंत्री अभय कुमार, जिला सह मंत्री प्रीतम प्रताप सिंह तथा बजरंग दल जिला संयोजक राणा सोनी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक को संबोधित करते हुए अनिश सिंह ने कहा कि संगठन की विचारधारा और सेवा कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गांव, पंचायत और प्रखंड स्तर पर संगठन का विस्तार आवश्यक है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और सेवा कार्यों को गति देने का आह्वान किया.

विहिप के उद्देश्यों और गतिविधियों पर चर्चा

जिला सह मंत्री प्रीतम प्रताप सिंह ने विश्व हिंदू परिषद के गठन, उद्देश्यों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि संगठन हिंदू समाज के संगठन, सेवा, सुरक्षा और संस्कार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है.

वहीं जिला सह मंत्री अभय कुमार ने कहा कि समाज सेवा लोगों को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है. सेवा गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिलती है.

आगामी कार्यक्रमों की दी जानकारी

बजरंग दल जिला संयोजक राणा सोनी ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में स्थापना दिवस, त्रिशूल दीक्षा, सेवा सप्ताह सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया.

मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की रही सक्रिय भागीदारी

बैठक में मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी एवं महिला कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही. संगठन पदाधिकारियों ने महिला सहभागिता को संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया.

इस अवसर पर प्रांत गौ रक्षा युवा प्रमुख सत्यम सूर्यवंशी, जिला सुरक्षा प्रमुख सोनू सिंह, जिला मिलन केंद्र प्रमुख रंजन साह, जिला गौ रक्षा प्रमुख राजा सिंह, नगर मंत्री सुशांत दत्ता, प्रणव भगत, नगर संयोजक हर्षित कुमार, राहुल सनातनी, बादल रमानी, पंकज यादव, सूरज जी, दीपक महतो, पवन पौद्दार, चंद्रकांत बारिक, बैजू गुप्ता सहित विभिन्न प्रखंडों से आए कार्यकर्ता मौजूद रहे.

ALSO READ: कटिहार पुलिस लाइन में फर्जी सिपाही गिरफ्तार, बैग से वर्दी, जूते और ड्यूटी कार्ड बरामद