आपसी रंजिश में ट्रांसपोर्टर पर जानलेवा हमला, घायल

पूर्णिया में बीती रात एक ट्रांसपोर्टर पर जानलेवा हमला हुआ. आरोप है कि तीन लोगों ने बिजनेस की बात कहकर ट्रांसपोर्टर को घर बुलाया और फिर पिस्टल के बट से सिर पर वार कर दिया.

By ARUN KUMAR | October 10, 2025 7:36 PM

पूर्णिया. पूर्णिया में बीती रात एक ट्रांसपोर्टर पर जानलेवा हमला हुआ. आरोप है कि तीन लोगों ने बिजनेस की बात कहकर ट्रांसपोर्टर को घर बुलाया और फिर पिस्टल के बट से सिर पर वार कर दिया. मामला शहर के सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग शांति नगर लखनझड़ी का है. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से भाग निकला. दोस्तों की मदद से ट्रांसपोर्टर को जख्मी हालत में जीएमसीएच में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद पीड़ित की ओर से समूचे घटनाक्रम को लेकर सदर थाना में आवेदन दिया गया है. हमले में घायल ट्रांसपोर्टर सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग शांति नगर लखनझड़ी निवासी मो इस्लाम का पुत्र मो नियाज ने बताया कि वह कई सालों से गुलाबबाग में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है. गुरुवार शाम करीब छह बजे मोहल्ले के ही दो लोगों ने उन्हें फोन कर बिजनेस पर जरूरी बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया. इसपर तीनों ने उनसे ट्रांसपोर्ट का काम छोड़ने का दबाव बनाया. नियाज के मना करने पर तीनों गुस्सा हो गए और गाली-गलौज करने लगे. इसी दौरान एक ने पीछे से पिस्टल के बट से उसके सिर पर वार दिया. मौके पर ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा. घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष शशि भगत ने बताया कि यह मामला आपसी रंजिश में हुई मारपीट का प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है