गले मिल सांसद ने दी मुबारकबाद, मांगी अमन व तरक्की की दुआ

मांगी अमन व तरक्की की दुआ

By ARUN KUMAR | March 21, 2026 6:45 PM

पूर्णिया. पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के लाइन बाजार, राजाबाड़ी, खजांची, माधोपाड़ा, मौलवी टोला, बुधैली, मझैली सहित विभिन्न इलाकों में ईद के अवसर पर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रोजेदारों से मुलाकात कर ईद की मुबारकबाद दी. इस दौरान उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया. स्थानीय लोगों ने भी सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं.मौके पर सांसद ने कहा कि ईद का त्योहार हमें इंसानियत, आपसी सम्मान और एकता का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और ऐसे पर्व हमें एक-दूसरे के करीब लाने का काम करते हैं. उन्होंने सभी लोगों के सुख-समृद्धि, अमन और तरक्की की दुआ की. पप्पू यादव ने कहा कि यह त्योहार मानवता, प्रेम और आपसी सद्भाव के प्रति समर्पण का प्रतीक है। ऐसे पर्व हमें भेदभाव भूलकर एक-दूसरे के करीब आने, जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने कहा कि हमें मिलकर ऐसा समाज बनाना है जहां इंसानियत सबसे ऊपर हो और हर व्यक्ति सम्मान, शांति एवं खुशहाली के साथ जीवन जी सके.मुख्य रूप से दिवाकर चौधरी, संजय सिंह राजेश यादव, अशोक दास, सुडु यादव, शंकर सहनी, अरुण यादव, दिपांकर चटर्जी, हरिष चौधरी, मंटू यादव, निशी यादव,, अरुण यादव, सुमित, करन, सोनू, संगम आदि मौजूद थे.