पूर्णिया में घने बादलों ने ढका आसमान, ठंडी हवाओं से मिली राहत, कभी भी हो सकती है बारिश

Purnia Weather Today: पूर्णिया में मौसम हुआ सुहाना, उमस से मिली राहत, घर से निकलें तो छाता रखना न भूलें.

By Pratyush Prashant | June 19, 2026 7:16 AM

पूर्णिया से विशेष रिपोर्ट

Purnia Weather Today: पूर्णिया में शुक्रवार की सुबह लोगों के लिए राहत भरी रही. आसमान पर काले-घने बादलों का कब्जा है और ठंडी हवाएं मौसम को खुशनुमा बना रही हैं. सुबह की सैर पर निकले लोगों ने जहां सुहाने मौसम का आनंद लिया, वहीं देर तक सोने वालों को हल्की ठंडक के कारण चादर ओढ़ने का मन कर गया. लगातार दूसरे दिन सुबह का तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है.

बादलों की दस्तक, बारिश का इंतजार

सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है. मौसम का मिजाज संकेत दे रहा है कि दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली चल सकती है. हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी समय बारिश हो सकती है. ऐसे में घर से बाहर निकलने वाले लोगों को छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी जा रही है.

पूर्णिया में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है. पिछले कुछ दिनों से लगभग रोज किसी न किसी समय बारिश दर्ज की जा रही है. इससे तापमान नियंत्रित बना हुआ है और उमसभरी गर्मी पर काफी हद तक ब्रेक लगा है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

मानसून ने बदला मौसम का पूरा मिजाज

बिहार में मानसून का प्रवेश पूर्णिया के रास्ते हुआ था और इसके बाद से मौसम के तेवर पूरी तरह बदल गए हैं. जहां कुछ दिन पहले तक लोग तेज धूप और चिपचिपी गर्मी से परेशान थे, वहीं अब बादलों और ठंडी हवाओं ने मौसम को राहतभरा बना दिया है. किसानों के लिए भी यह मौसम काफी अनुकूल माना जा रहा है, क्योंकि खेतों में नमी बनी हुई है और खेती-किसानी के कार्यों को गति मिल रही है.

Purnia Weather Today: इस बार लंबा चल सकता है मानसून

मौसम जानकारों के अनुसार इस वर्ष मानसून दीर्घकालिक रहने की संभावना है. इसका अर्थ यह है कि पूरे वर्षाकाल में बादलों की सक्रियता बनी रह सकती है और बारिश का सिलसिला सामान्य से बेहतर रह सकता है. यदि ऐसा होता है तो लोगों को लंबे समय तक गर्मी से राहत मिलेगी और कृषि क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा.

फिलहाल पूर्णिया का मौसम पूरी तरह मानसूनी रंग में रंगा नजर आ रहा है. ठंडी हवाएं, घने बादल और बारिश की संभावना ने शहर का माहौल खुशनुमा बना दिया है. मौसम प्रेमियों के लिए यह दिन किसी सौगात से कम नहीं है.

इसे भी पढ़ें: बदले गए पटना, गया समेत बिहार के 13 जिलों के SP, जानिए आपके जिले का नया पुलिस कप्तान कौन