बाहर निकलने से पहले जान लें मौसम का हाल, पूर्णिया में बारिश और ठनका गिरने का येलो अलर्ट
Purnia Weather Alert: पूर्णिया में मौसम विभाग ने भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. आज तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश की संभावना है, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पूर्णिया से अखिलेश चंद्रा की रिपोर्ट:
Purnia Weather Alert: यदि आज आप घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं तो पहले मौसम का हाल जरूर जान लें. मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
सुबह से बदला मौसम का मिजाज
मंगलवार सुबह से ही आसमान में मानसूनी बादलों का डेरा बना हुआ है. मौसम के बदले मिजाज के बीच मौसम विभाग ने दिनभर भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
कई इलाकों में बारिश और वज्रपात की आशंका
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है. तेज हवा चलने की संभावना को देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने जारी की सावधानी
मौसम विभाग ने विशेष रूप से किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. विभाग ने कहा है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें. सुरक्षित स्थान पर शरण लें और मौसम सामान्य होने तक आवश्यक सावधानी बरतें.
और पढ़ें: पूर्णिया में पहली बार मंचित हुआ भव्य नाटक ‘सीता स्वयंवर’, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का दिया संदेश
