पूर्णिया में आज सुबह 7 से 11 बजे तक कई इलाकों में नहीं रहेगी बिजली

Purnia Power Cut Alert: पूर्णिया में रविवार सुबह लोगों को चार घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा. अनुरक्षण कार्य के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी.

By Pratyush Prashant | May 17, 2026 10:10 AM

Purnia Power Cut Alert: पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट . पूर्णिया जिले के कई हिस्सों में आज सुबह 7 बजे से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. विद्युत विभाग की ओर से बताया गया है कि पूर्णिया ग्रिड उपकेंद्र और धमदाहा ग्रिड क्षेत्र में अनुरक्षण कार्य के चलते 33 केवी फीडरों को बंद रखा जाएगा. इसका असर एयरपोर्ट, एयरफोर्स स्टेशन और आसपास के ग्रामीण इलाकों की बिजली आपूर्ति पर पड़ेगा. विभाग ने उपभोक्ताओं से पहले से आवश्यक तैयारी कर लेने की अपील की है.

अनुरक्षण कार्य के कारण बंद रहेंगे फीडर

विद्युत कार्यपालक अभियंता बालवीर प्रसाद बागिश ने जानकारी दी कि पूर्णिया ग्रिड उपकेंद्र से निकलने वाली 33 केवी गोवासी फीडर तथा धमदाहा ग्रिड से निकलने वाली 33 केवी मुगलिया पूरंदाहा फीडर को अनुरक्षण कार्य के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा. यह कार्य सुबह 7 बजे से शुरू होकर 11 बजे तक चलेगा.

एयरपोर्ट और ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ेगा असर

बिजली कटौती का असर पूर्णिया एयरपोर्ट और एयरफोर्स स्टेशन की विद्युत आपूर्ति पर भी पड़ेगा. इसके अलावा गोवासी शक्ति उपकेंद्र से निकलने वाली सभी 11 केवी लाइनों की आपूर्ति भी बाधित रहेगी. इससे आसपास के कई ग्रामीण इलाकों में चार घंटे तक बिजली नहीं रहेगी.

उपभोक्ताओं से की गई तैयारी की अपील

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली बाधित रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें. खासकर पानी की मोटर, मोबाइल चार्जिंग और अन्य आवश्यक उपकरणों की तैयारी पहले से कर लेने को कहा गया है ताकि लोगों को कम परेशानी हो.

गर्मी के बीच बिजली कटौती से बढ़ेगी परेशानी

मौसम में बढ़ती गर्मी के बीच चार घंटे की बिजली कटौती लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. ग्रामीण इलाकों में खासकर पेयजल और घरेलू कामकाज प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि विभाग का कहना है कि अनुरक्षण कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी.

Also Read: बिहार में आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, 54 DSP समेत 34 राजस्व अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट