राज्यस्तरीय एथलेटिक्स में पूर्णिया के खिलाड़ियों का जलवा, 21 खिलाड़ियों ने जीते 27 पदक
Purnia Athletics: राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 में पूर्णिया के 21 खिलाड़ियों ने 27 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया. जिला एथलेटिक्स संघ ने सम्मान समारोह आयोजित कर सभी पदक विजेताओं को सम्मानित किया.
पूर्णिया से सत्येंद्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट:
Purnia Athletics: राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से सम्मानित किया गया. आयोजित सम्मान समारोह में पदक विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न, पदक और माला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
मुख्य बातें
21 खिलाड़ियों ने जीते 27 पदक
हाल ही में संपन्न राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पूर्णिया जिले के 21 खिलाड़ियों ने कुल 27 पदक अपने नाम किए. इनमें 15 बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 पदक जीते, जबकि छह बालकों ने छह पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया.
खिलाड़ियों का बढ़ाया गया उत्साह
सम्मान समारोह में जिला एथलेटिक्स संघ के संरक्षक डॉ. एके गुप्ता, अध्यक्ष नीलम अग्रवाल, जिला खेल संघ के अध्यक्ष गौतम वर्मा, अवकाशप्राप्त डीएसपी बीएन झा, सचिव एमएच रहमान, आलोक लोहिया, कोच असरद रजा और समाजसेवी रवि रंजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की.
सीमित संसाधनों में शानदार उपलब्धि
संघ के अध्यक्ष नीलम अग्रवाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिले के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती. उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं.
राष्ट्रीय स्तर की तैयारी का दिया संदेश
संघ के संरक्षक डॉ. एके गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करने की सलाह दी. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर अभ्यास पर जोर दिया.
सम्मान पाकर उत्साहित दिखे खिलाड़ी
सम्मान समारोह के बाद खिलाड़ियों ने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा. उन्होंने आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर मोहिनी पंचायत के मुखिया श्याम सुंदर उरांव, जिला खेल संघ के पदाधिकारी, खेल प्रेमी, कोच, खिलाड़ियों के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे.
और पढ़ें: पूर्णिया में पहली बार मंचित हुआ भव्य नाटक ‘सीता स्वयंवर’, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का दिया संदेश
