घर से निकलने से पहले हो जाएं सावधान, पूर्णिया में आंधी, बिजली और बारिश का अलर्ट

Purnea Weather Alert: :बिहार के सीमांचल में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. मौसम सुहाना जरूर है, लेकिन इसके पीछे बड़ा खतरा भी छिपा है. मौसम विभाग ने पूर्णिया समेत आसपास के जिलों के लिए आंधी, वज्रपात और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.

By Pratyush Prashant | June 13, 2026 7:08 AM

पूर्णिया से अखिलेश चन्द्रा की रिपोर्ट

Purnea Weather Alert: अगर आप शनिवार को किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं तो पहले मौसम का हाल जरूर जान लें. पूर्णिया समेत पूरे प्रमंडल में मानसून का असर लगातार बना हुआ है. सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी पूर्वी हवाएं लोगों को राहत दे रही हैं. हालांकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार दिनभर गरज-चमक के साथ भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की आशंका बनी हुई है.

मौसम सुहाना, लेकिन खतरा बरकरार

शनिवार की सुबह पूर्णिया में मौसम बेहद खुशनुमा नजर आया. बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं ने उमस और गर्मी से राहत दी है. लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है. दिन चढ़ने के साथ मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है.

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है. ऐसे में खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है.

बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी

आईएमडी ने भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई है. ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

17 जून तक बना रह सकता है असर

मौसम पूर्वानुमान इंडेक्स के मुताबिक पूर्णिया और आसपास के जिलों में 17 जून तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है. हालांकि मौसम की स्थिति का आकलन हर सुबह और शाम अपडेट किया जाता है, लेकिन फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है.

लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और किसानों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.

Also Read: RJD MLC बोले- राबड़ी देवी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनतीं, सिंगर को हीरे का कंगन गिफ्ट करने के बाद JDU ने की ED जांच की मांग