पूर्णिया से रिपोर्ट :
ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाईक ने सांसद पप्पू यादव को पत्र भेजकर दी जानकारी
पूर्णिया. पूर्णिया जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है. सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव द्वारा लोकसभा में क्षेत्र की बिजली समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद केंद्र सरकार ने वितरण अवसंरचना विकास के लिए 154.32 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है. विद्युत मंत्रालय द्वारा रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत स्वीकृत यह राशि पूर्णिया जिले में बिजली नेटवर्क को आधुनिक बनाने, आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने में खर्च की जाएगी.विगत दिनों भी इस मुद्दे को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया सहित कटिहार, किशनगंज और अररिया जिले में बिजली आपूर्ति में बढ़ते अंतराल तथा स्मार्ट मीटर स्थापना से जुड़ी उपभोक्ताओं की समस्याओं को उठाया था. इसके बाद केंद्रीय विद्युत एवं नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाईक ने सांसद को पत्र भेजकर जानकारी दी कि मंत्रालय ने आरडीएसएस योजना के अंतर्गत पूर्णिया और कटिहार जिलों के लिए वितरण सुधार कार्यों को मंजूरी दी है.