मोबाइल झपटमार गिरोह के दो शातिर को पुलिस ने दबोचा

केनगर

By Abhishek Bhaskar | March 5, 2026 6:11 PM

केनगर. केनगर थाना पुलिस ने सोमवार की शाम मोबाइल झपटमार गिरोह के दो शातिर को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही पुलिस ने उनके पास से चोरी के दो मोबाइल और एक हीरो कंपनी के स्पेलेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली. थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि गिरफ्तार मोबाइल झपटमार की पहचान थानाक्षेत्र के ही परोरा पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित परोरा गाव निवासी 18 वर्षीय रंजित कुमार एवं परोरा बलुआ टोला निवासी 18 वर्षीय छोटू कुमार के रूप में की गई है. उन्होंने बताया कि डायल 112 पर मोबाइल छिनतई के संबंध में सूचना मिली थी. इस सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थिति में जा रहे एक बाइक पर सवार दो युवक को रोका और पूछताछ की.जबाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्हें हिरासत में डाल दिया गया. साथ ही कडाई से पूछताछ करने पर दोनों युवक ने मोबाइल झपटमार गिरोह का सदस्य बताया और तलाशी लेने पर दो एंड्रॉयड स्कीन टच मोबाइल बरामद हुआ. थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार युवक को आवश्यक कार्रवाई करने के बाद मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.