मुहर्रम को लेकर पूर्णिया प्रमंडल अलर्ट, आयुक्त ने चार जिलों की तैयारियों की समीक्षा

Muharram Security Purnia Division: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जिलों की तैयारियों की समीक्षा की. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए.

By Shruti Kumari | June 26, 2026 12:49 PM

पूर्णिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट:

Muharram Security Purnia Division: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्णिया प्रमंडल के चारों जिले—पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज—में पर्व को लेकर की गई प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई.

संवेदनशील स्थलों और जुलूस मार्गों की हुई समीक्षा

बैठक में संवेदनशील स्थलों की पहचान, ताजिया जुलूस मार्गों का सत्यापन, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी, संचार व्यवस्था, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अफवाहों पर नियंत्रण के लिए किए गए इंतजामों की बिंदुवार समीक्षा की गई.

अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश

प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी जिलों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने का निर्देश दिया.

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता

आयुक्त ने कहा कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और सभी एहतियाती उपाय समय पर पूरे किए जाएं, ताकि पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.

सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील

बैठक के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने आम लोगों से सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखते हुए मुहर्रम मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारी

बैठक में पूर्णिया प्रमंडल के आईजी विवेकानंद, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त सहित संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.

और पढ़ें: दास नदी में डूबने से 10 वर्षीय मासूम की मौत, 13 घंटे बाद तीन किलोमीटर दूर मिला शव