दिल्ली में बिहारी युवक की मौत पर सांसद प्रवक्ता ने खड़े किये सवाल

पूर्णिया

By SATYENDRA SINHA | April 29, 2026 7:05 PM

पूर्णिया. दिल्ली में खगड़िया निवासी 23 वर्षीय युवक पांडव कुमार की कथित गोली मारकर हत्या के मामले में पूर्णिया सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह केवल एक युवक की हत्या नहीं, बल्कि बिहार और बिहारवासियों के सम्मान पर सीधा हमला है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस देश में बिहारी होना अपराध है क्या मेहनतकश और संघर्षशील बिहारियों को केवल उनकी पहचान के आधार पर शक और नफरत की नजर से देखा जाएगा. राजेश यादव ने कहा कि जिस दिल्ली पुलिस पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही अगर किसी युवक को उसकी पहचान के आधार पर अपराधी मानकर गोली मार दे, तो इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बात क्या हो सकती है. उन्होंने सरकार और संबंधित जिम्मेदार लोगों द्वारा इस गंभीर मामले पर चुप्पी पर चिंता जतायी है. उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में इस तरह की घटना यह दर्शाती है कि आम नागरिक, खासकर प्रवासी मजदूर और युवा, कितने असुरक्षित हैं. उन्होंने आगे कहा कि बिहार के लाखों युवा रोजगार और बेहतर जीवन की तलाश में दूसरे राज्यों में जाते हैं, लेकिन वहां उन्हें सम्मान के बजाय भेदभाव और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है. उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच एवं दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ साथ पीड़ित परिवार को मुआवजा दिये जाने की मांग की है.