कृषि भूमि बचाओ संघर्ष समिति ने उपमुख्यमंत्री को दिया ज्ञापन

अमौर

By Abhishek Bhaskar | February 20, 2026 6:59 PM

अमौर. बहादुरगंज और कोचाधामन प्रखंड में उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण पर पुनर्विचार की मांग को लेकर कृषि भूमि बचाओ संघर्ष समिति का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पटना में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा से मिला. इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष सह अमौर विधायक अख्तरुल ईमान ने किया. मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिसमें किसानों की चिंताओं और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का हवाला दिया गया . प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रस्तावित भूमि बेहद उपजाऊ है और स्थानीय किसानों की आय का मुख्य स्रोत है. इसके अधिग्रहण से सैकड़ों परिवार भूमिहीन और बेरोजगार हो सकते हैं.सरकार से आग्रह किया गया कि किसी वैकल्पिक बंजर या कम उपजाऊ भूमि की तलाश की जाए, ताकि विकास और सुरक्षा के साथ-साथ किसानों के हितों की भी रक्षा हो सके.कोचाधामन और बहादुरगंज मुख्य रूप से कृषि प्रधान क्षेत्र हैं.कृषि भूमि छीनने से स्थानीय अर्थव्यवस्था पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. प्रतिनिधिमंडल में मुखिया, नटवापाड़ा रफीक आलम, पंचायत समिति सदस्य, अंजर आलम, वसीद आलम, शकील अख्तर, गुलाम मुस्तफा आदि मौजूद थे.