लोन पर ली बाइक की किस्त नहीं चुकायी तो दबंगों ने बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा, बाइक छीनी
पूर्णिया शहर के हॉप हॉस्पिटल रामबाग मोड़ के पास बाइक फाइनेंस की बकाया किश्त को लेकर एक युवक पर दबंगों ने हमला कर दिया. आरोप है कि बाइक सवार युवक को घेरकर लात-घूंसों से पीटा गया और उसकी बाइक छीनकर आरोपी फरार हो गए. घायल युवक को गंभीर हालत में जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
By Abhishek Bhaskar |
June 14, 2026 7:24 PM
पूर्णिया से रिपोर्ट :
पूर्णिया. पूर्णिया शहर के हॉप हॉस्पिटल रामबाग मोड़ के समीप रविवार की दोपहर बाइक सवार एक युवक को घेरकर दबंगों ने लात, घूंसे और मुक्कों से बेरहमी से पीटा और उसकी बाइक छीनकर रफूचक्कर हो गए. घायल युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचाया. घायल युवक की पहचान केनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा के निवासी रागीव अनवर के रूप में हुई है.
दो महीनों की जमा नहीं कर पाया था किश्त
जीएमसीएस में इलाजरत पीड़ित युवक के अनुसार घटना की मुख्य वजह बाइक की फाइनेंस किश्त का बकाया होना बताया जा रहा है. पीड़ित युवक ने अपनी बाइक फाइनेंस करवायी थी, जिसकी पिछले दो महीनों की किश्त वह किसी कारणवश जमा नहीं कर पाया था. इसी बात को लेकर घात लगाए बैठे दबंगों ने बीच सड़क पर उसे रोक लिया. दबंगों ने युवक को संभलने का मौका भी नहीं दिया और गाड़ी से उतारकर उस पर ताबड़तोड़ लात-घूंसों की बरसात कर दी. युवक बीच सड़क पर रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन दबंगों का दिल नहीं पसीजा. युवक को जमीन पर पटकने के बाद आरोपी उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए.
पीड़ित युवक को पहुंचाया जीएमसीएच
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित युवक को तुरंत पूर्णिया के जीएमसीएच अस्पताल पहुंचाया गया. पीड़ित युवक का कहना है कि अगर किश्त बकाया भी थी, तो उसके लिए कानूनी रास्ता अपनाया जाना चाहिए था, न कि इस तरह सरेआम कानून हाथ में लेकर गुंडागर्दी की जाए. उन्होंने बताया कि वे लोग 10 से 12 की संख्या में थे. पीड़ित युवक ने कहा कि सभी दबंग व्यक्ति जलालगढ़ के थे.
...