मांस, मछली व मुर्गा दुकानों के लिए लाइसेंस की अनिवार्यता खत्म करे सरकार : अख्तरूल

अमौर

By Abhishek Bhaskar | February 27, 2026 6:06 PM

अमौर. बिहार विधानसभा के बाहर शुक्रवार को एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष सह अमौर विधायक अख्तरुल ईमान के नेतृत्व में पार्टी के सभी विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन मांस, मछली और मुर्गा बेचने वाले छोटे दुकानदारों के लिए लाइसेंस की अनिवार्यता के खिलाफ था. प्रदर्शन के दौरान विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि मांस, मछली और मुर्गा बेचने वाले अधिकांश लोग बेहद गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं. इन छोटे फुटपाथ विक्रेताओं के लिए लाइसेंस की जटिल प्रक्रिया और अनिवार्यता उनके रोजगार को खत्म करने जैसा है. उन्होंने सरकार से मांग किया है कि छोटे स्तर के व्यापारियों के लिए लाइसेंस की अनिवार्यता को तुरंत समाप्त करे ताकि वे बिना किसी डर के अपना जीविकोपार्जन कर सकें. विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि सरकार को इन छोटे दुकानदारों के व्यवसाय को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए. मौके पर कोचाधामन विधायक सरवर आलम, बहादुरगंज विधायक तौसीफ आलम, जोकीहाट विधायक मुर्शीद आलम,बायसी विधायक गुलाम सरवर मौजूद थे.