धमदाहा नगर पंचायत के विकास व सौंदर्यीकरण पर फोकस : मुख्य पार्षद

मुख्य पार्षद बोले

By Abhishek Bhaskar | February 4, 2026 6:58 PM

धमदाहा. नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नं. 15 में बुधवार को नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रानी देवी ने 11 लाख 13 हजार पचपन रुपए की लागत से बनने वाली पक्कीकरण सड़क का शिलान्यास किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि नगर पंचायत धमदाहा में चारों तरफ विकास की तस्वीर दिखाई दे रही है. सभी के सहयोग और प्रयास से धमदाहा नगर में विकास हो रहा है. आने वाले दिनों में भी नगर के विकास से संबंधित कई रूपरेखा तैयार की गई है, जिनपर काम किया जायेगा. मुझे पांच वर्षों के लिए सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि पूरे नगर क्षेत्र में सड़क, पुल, नाला आदि का काम जारी है. अभी हाल में ही नगर में 4 पक्कीकरण सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर किया गया था. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दो दर्जन से ज्यादा सड़कों का टेंडर किया जाएगा. उनपर काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कि आम लोगों को सुविधा देने के लिए उनके द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है. अभी हाल में ही सभी वार्डों में पार्क चेयर लगाये जा रहे हैं. इसके साथ ही नगर मुख्यालय में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर यात्रा करने वाले लोगों के हितों का ख्याल रखते हुए यात्री शेड का निर्माण कराया जाएगा. एक सप्ताह के भीतर इनपर काम शुरू कर दिया जायेगा. आने वाले दिनों में नगर में सीसीटीवी कैमरा भी लगाया जाएगा. इस मौके पर वार्ड पार्षद पूनम देवी सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद थे.